प्रयागराज , फरवरी 05 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के शाहगंज इलाके में गुरुवार शाम एक निर्माणाधीन मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला।
घटना शाहगंज थाना क्षेत्र के सौदागर की मस्जिद के पास हुई। बताया जा रहा है कि मकान मोहम्मद अजीज का है, जिनकी सरकारी राशन की दुकान है। मकान में करीब एक महीने से निर्माण कार्य चल रहा था और लगभग 20 फीट गहरा बेसमेंट खोदा जा रहा था। गुरुवार को पिलर खड़ा करने के दौरान अचानक ढांचा ढह गया। हादसे में एक मिस्त्री को भी ईंट लगने से चोट आई है।
घायल तीनों मजदूरों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और गली में फैले मलबे को हटाने का कार्य जारी है। प्रारंभिक तौर पर अधिक खुदाई को हादसे की वजह माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित