प्रयागराज , फरवरी 21 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के नैनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नसबंदी के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने जम कर हंगामा किया।

पुलिस ने बताया कि मुंडी चक निवासी रोशनी (28) शुक्रवार सुबह अपने पति प्रवेश के साथ नसबंदी कराने चाका सीएचसी पहुंची थीं। यहां लगे शिविर में शाम करीब चार बजे सर्जन डॉ. प्रतिमा मिश्रा और डॉ. आशुतोष ने उनका ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल रेफर किया गया।

परिजनों के अनुसार, उन्हें एसआरएन अस्पताल ले जाने के बजाय जीवन ज्योति अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार देर शाम रोशनी ने दम तोड़ दिया।

मौत की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन शव लेकर चाका सीएचसी पहुंचे। महिलाओं ने करीब 50 मीटर तक शव को लादकर सड़क तक पहुंचाया और धरने पर बैठकर जाम लगा दिया। इस दौरान एम्बुलेंस कर्मियों से मारपीट और जमकर हंगामा भी हुआ। सड़क पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया, जिससे लंबा जाम लग गया।

सूचना पर नैनी इंस्पेक्टर और बाद में सहायक पुलिस उपायुक्त करछना सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने करीब चार घंटे तक परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी तथा 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की।

बाद में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. तिवारी और तहसीलदार के हस्तक्षेप के बाद परिजन चार लाख रुपये मुआवजे पर सहमत हुए। प्रशासन की ओर से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास तथा बच्चों के भरण-पोषण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद देर रात करीब 12 बजे जाम खुलवाया गया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित