प्रयागराज , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मांडा क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से तेंदुए की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह हादसा प्रयागराज-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-76 पर दीघिया बाजार के पास हुआ जब मध्यरात्रि करीब एक बजे एक नर तेंदुआ रेलवे ट्रैक की ओर से सड़क पर आया और हाईवे पार करने लगा। इसी दौरान मिर्जापुर की ओर जा रहे एक बेकाबू ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पीआरवी-112 और दीघिया चौकी प्रभारी विक्की गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। मेजा वन रेंज की टीम, वन दरोगा आशुतोष सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को कब्जे में ले लिया। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग द्वारा विधि-विधान से तेंदुए का अंतिम संस्कार किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित