प्रयागराज , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक नहीं लग पाने के बीच रविवार को एक और घटना सामने आई, जिसमें एक बाइक सवार इसकी चपेट में आ गया। हालांकि गनीमत रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई।

यह घटना कीडगंज थाना क्षेत्र स्थित पुराने यमुना पुल की है। मनोज कोल रविवार शाम नैनी से प्रयागराज की ओर बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वह पुल के पास पहुंचे, हवा में उड़ रहा चाइनीज मांझा अचानक उनके गले में लिपट गया। मांझा गले में फंसते ही उन्होंने तुरंत बाइक की रफ्तार धीमी कर दी और किसी तरह उसे हटाया। इस दौरान उनके गले पर निशान पड़ गया, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल होने से बच गए। थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती थी।

घटना के बाद मनोज कोल ने कीडगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की बात कही है। थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि शिकायतकर्ता को गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन चाइनीज मांझे के इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित