प्रयागराज , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के झूंसी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि चमनगंज बाजार निवासी हेमंत कुमार वर्मा ने बुधवार देर रात अपनी पत्नी स्वीटा पर इलेक्ट्रिक प्रेस से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी करीब पांच घंटे तक वहीं बैठा रहा और गुरुवार सुबह स्वयं पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी।
उन्होने बताया कि दंपति ने वर्ष 2021 में प्रेम विवाह किया था और उनकी एक दो वर्ष की पुत्री भी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पारिवारिक विवाद, विशेषकर अलग रहने को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। घटना की रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस उपायुक्त (झूंसी) कुंज लता ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित