प्रयागराज , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मांडा क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान चार बच्चे डूब गए, जिनमें से एक का शव मिल गया है जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना मांडा के बादपुर घाट पर शुक्रवार सुबह की है, जहां बामपुर गांव निवासी चार दोस्त गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान एक किशोर का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में उसके तीन अन्य साथी भी गहरे पानी में समा गए। डूबने वालों में अनिल कुमार हरिजन के पुत्र कुणाल (14) और निहाल (14), राजाराम का पुत्र दीपक (16) तथा कमलेश हरिजन का पुत्र कान्हा (10) शामिल हैं।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों और नाविकों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। अब तक एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य तीन की तलाश जारी है। घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई और परिजनों के साथ ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने बताया कि बचाव अभियान लगातार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित