प्रयागराज , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रकम दोगुना करने का झांसा देकर हजारों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोपी आदिल वसी के खिलाफ पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शाहगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर सामान की कुर्की की। पुलिस ने घर से बेड, सोफा, फ्रिज समेत अन्य घरेलू सामान बाहर निकलवाकर उनकी सूची तैयार की और उन्हें कुर्क कर लिया। हालांकि घर से कोई कीमती सामान बरामद नहीं हुआ।
बताया गया कि आदिल वसी पिछले 16 महीने से पुलिस गिरफ्त से फरार है। कोर्ट के आदेश के चार महीने बीत जाने के बावजूद उसने आत्मसमर्पण नहीं किया था। इसके बाद फरवरी माह में उसके खिलाफ शाहगंज थाने में कोर्ट के आदेश की अवमानना के आरोप में एक और मुकदमा दर्ज किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह हाई-प्रोफाइल ठगी का मामला वर्ष 2024 में सामने आया था। अक्टूबर 2024 में करेली निवासी अब्दुल शाहिद ने शाहगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शाहगंज निवासी दो भाई मोहम्मद काशिफ और मोहम्मद आसिफ ने अपने संरक्षक पटाखा कारोबारी कदीर के साथ मिलकर एक कंपनी बनाकर लोगों को रकम दोगुना करने का लालच दिया।
आरोप है कि हजारों लोगों से करोड़ों रुपये जमा कराए गए और बाद में कंपनी के कार्यालय पर ताला लगाकर आरोपी फरार हो गए। एफआईआर में शाहगंज की हम्माम गली निवासी आदिल वसी को भी नामजद किया गया था। पुलिस के अनुसार इस मामले में पटाखा कारोबारी कदीर तथा उसके दोनों भतीजे काशिफ और आसिफ को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं फरार आरोपी आदिल वसी की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित