प्रयागराज , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ऑटो के हाईवे किनारे खड़ी पिकअप से टकराने से पिकअप की मरम्मत कर रहे मैकेनिक समेत ऑटो चालक और छह अन्य यात्री घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि ऑटो रिक्शा शनिवार देर शात प्रयागराज से सवारियां लेकर जसरा की ओर जा रहा था। घूरपुर बाजार पार करने के बाद गौहनिया स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप चालक ने एक बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे तेज गति के कारण ऑटो अनियंत्रित हो गया और शक्ति मोटर्स पार्ट्स की दुकान के पास खड़ी पिकअप से टकरा गया।

टक्कर के समय पिकअप की मरम्मत कर रहे मैकेनिक विजय सोनकर पुत्र प्रेमचंद्र सोनकर निवासी महेवा पूरब पट्टी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में फ्रैक्चर बताया गया है। हादसे में ऑटो चालक अखिलेश कुमार के सिर में चोट आई है। इसके अलावा पुन्नी राम यादव तथा विकास कुमार भी घायल हुए हैं। दुर्घटना में तीन महिलाएं भी चोटिल हुई हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसरा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित