प्रयागराज , जनवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मेजा तहसील क्षेत्र के तरहार इलाके में आवारा पशुओं का आतंक किसानों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। दर्जनों की संख्या में घूम रहे ये मवेशी खेतों में घुसकर अरहर, गेहूं और सरसों जैसी खड़ी फसलों को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं। मदरा, रैपुरा, परानीपुर और लोहारी सहित आसपास के कई गांवों के किसान इस समस्या से जूझ रहे हैं। किसानों का कहना है कि दिन-रात खेतों की रखवाली के बावजूद फसलों को बचाना मुश्किल हो गया है।झुंड में घूम रहे ये मवेशी कुछ ही समय में किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

किसानों को आशंका है कि इससे आने वाले समय में फसल उत्पादन बुरी तरह प्रभावित होगा।किसानों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे किसानों में रोष है। सोमवार को सभी किसानों ने तहसील में जाकर एक ज्ञापन दिया और प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित गौशालाओं में भेजा जाए।

किसान जयचंद बिंद ने बताया कि दिन-रात रखवाली के बावजूद मवेशियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे मवेशियों को गौशालाओं में होना चाहिए ताकि किसानों को राहत मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित