प्रयागराज , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के उतराव थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर हाई टेंशन लाइन का तार टूट कर गिरने से लगी आग में दस बिस्वा खड़ी गेहूं की फसल स्वाहा हो गयी। पुलिस ने बताया कि इस घटना में राम बाबू और ब्रिज लाल मास्टर की लगभग 10 बिस्वा खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।आग इतनी भीषण थी कि करीब 10 क्विंटल गेहूं का अनाज भी जल गया। इसके अतिरिक्त, रात में की गई मड़ाई का पूरा भूसा भी आग की चपेट में आ गया।

ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने का मुख्य कारण हाई वोल्टेज तार का टूटकर गिरना था। इस घटना से बिजली विभाग की कथित लापरवाही सामने आई है।घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और उतराव थाना अध्यक्ष विनय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।इस घटना के बाद ग्रामीणों में असंतोष है।

उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।उतराव थाना अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि आग पर काबू पाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित