प्रयागराज , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार को एक आईटीआई छात्र ने स्कूल परिसर के एक कमरे में तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार घूरपुर थाना क्षेत्र के चक गौरी शंकर (वादे का पूरा) गांव स्थित एक विद्यालय के कमरे में 22 वर्षीय साहिल शुक्ला का शव कुर्सी पर पड़ा मिला। उसके हाथ में तमंचा था और गोली सिर में फंसी हुई थी। घटना की जानकारी सुबह लगभग नौ बजे उस समय हुई, जब स्कूल की दाई कमरे में पहुंची और युवक को खून से लथपथ देखा। उसने तत्काल विद्यालय संचालक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया।

घूरपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह तथा सहायक पुलिस उपायुक्त (कौंधियारा) अब्दुस सलाम खान मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट टीम ने साक्ष्य जुटाए। मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। बताया गया कि साहिल लालपुर थाना क्षेत्र के गोबर गांव निवासी रेवती रमण शुक्ला का इकलौता पुत्र था। वह नैनी स्थित कॉटन मिल क्षेत्र में आईटीआई का कोर्स कर रहा था और घूरपुर क्षेत्र में अपने फूफा अनिल तिवारी के विद्यालय परिसर में रहकर उसकी देखरेख भी करता था।

पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर मृतक का मोबाइल फोन भी मिला, जिस पर किसी की कॉल आ रही थी, लेकिन स्क्रीन टूटी होने के कारण तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित