प्रयागराज , मार्च 01 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कौंधियारा थाना क्षेत्र में स्थित उमरी गांव में संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा खंडित कर उठा ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना एक मार्च की सुबह सामने आई, जब ग्रामीणों ने प्रतिमा को अपने स्थान से गायब पाया। सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने प्रशासन से नई प्रतिमा स्थापित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सूचना पर कौंधियारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि प्रतिमा खंडित कर ले जाने की सूचना पर तत्काल जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही ग्रामीणों की मांग के अनुरूप नई प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और अराजक तत्वों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित