प्रयागराज , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के घूरपूर थाना क्षेत्र में सोमवार भोर एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसा। हादसे में मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना ग्लास फैक्ट्री पेट्रोल पंप के सामने सुबह करीब तीन बजे हुई। उस समय अधिकांश लोग घरों में सो रहे थे। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस के आने तक सुरक्षित रखा।

पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन पीआरवी वाहन करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।

मकान मालिक के अनुसार ट्रक की टक्कर से घर की दीवारें और सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की तलाश के लिए टीम गठित की गई है तथा ट्रक स्वामी की जानकारी भी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित