प्रयागराज , अप्रैल 03 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 70 वर्षीय वृद्ध की हत्या का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह जब वृद्ध सोकर नहीं उठा तो मृतक का बड़ा पुत्र उसे जगाने के लिए पहुंचा, जहां उसके पिता की खून से लथपथ लाश चारपाई पर पड़ी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद उसने डायल 112 को इस घटना सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद नैनी थाने की पुलिस, सहायक पुलिस उपायुक्त करछना सहित डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान हजारी लाल भारतीय 70 वर्षीय के रूप में हुई है। पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है। मामला नैनी के धनुहा के रहने वाले हजारीलाल 70 वर्ष के पांच बेटे और दो बेटियां हैं। पांचों पुत्र मजदूरी का काम करते हैं, जबकि हजारी लाल खुद घर से 50 मीटर दूर ठकुरी का पुरवा निवासी राजबहादुर निषाद के बालू और गिट्टी के एक ठेके पर चौकीदारी करते थे। हजारी लाल पिछले एक साल से यह काम कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि वह रोज भोर में करीब पांच बजे सोकर उठ जाते थे। वह शुक्रवार की सुबह जब सोकर नहीं उठे, तो उनका बड़ा बेटा गंगा भारतीय उन्हें जागने के लिए पहुंच गया। उस दौरान उसने देखा कि उसके पिता की लाश खून से लथपथ चारपाई पर पड़ी थी। उनके सीने और चेहरे के साथ आंख पर किसी लोहे की वस्तु से वार किया गया था। घटनास्थल पर काफी भीड़ जुड़ गई।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जाँच पड़ताल की जा रही है जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित