लखनऊ , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रयागराज के दो सरकारी अस्पतालों और सैन्य अस्पताल के बीच मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) साइन किया गया है। डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि इस पहल के माध्यम से आम लोगों को उच्च स्तरीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मंगलवार को विधानसभा सचिवालय में आयोजित बैठक में ब्रजेश पाठक ने बताया कि प्रयागराज मंडल के अपर निदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं और कैंटोनमेंट हॉस्पिटल, प्रयागराज के निदेशक के बीच यह एमओयू हस्ताक्षरित हुआ है। इसके तहत तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय (बेली अस्पताल) और मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय (कॉल्विन अस्पताल) में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सुपर स्पेशियलिटी इंटेंसिव केयर यूनिट स्थापित की जाएंगी।
108 शैय्या वाले कैंटोनमेंट हॉस्पिटल में 20 बेड की आईसीयू, वेंटिलेटर, डायलिसिस यूनिट और आधुनिक ऑटोमेटेड पैथोलॉजी लैब की सुविधाएं पहले से मौजूद हैं। इस अस्पताल को वर्ष 2022 और 2024 में रक्षा मंत्री अवार्ड भी मिल चुका है। महाकुंभ-2025 के दौरान यहां की मेडिकल टीम ने 700 से अधिक गंभीर मरीजों का उपचार किया था।
एमओयू के तहत बेली और कॉल्विन अस्पतालों में क्रिटिकल केयर, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी से जुड़ी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आईसीयू इकाइयों को टेलीमेडिसिन के माध्यम से 'हब एंड स्पोक' मॉडल से जोड़ा जाएगा, जिससे विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद से मरीजों की रियल टाइम मॉनीटरिंग की जा सकेगी। इस पहल से प्रयागराज मंडल की लगभग 1.4 करोड़ आबादी को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित