विमल श्रीवास्तव सेप्रयागराज , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने दावा किया कि उनके क्षेत्र में बाढ़ की समस्या पहले की तुलना में काफी हद तक कम हुई है और लोगों को राहत मिली है। श्री बाजपेयी ने सोमवार को यूनीवार्ता से विशेष बातचीत में कहा कि क्षेत्र में सड़कों के चौड़ीकरण और रिंग रोड जैसी परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि छोटा बघाड़ा क्षेत्र में एक नए बांध के निर्माण की आवश्यकता है, जो बड़ा बघाड़ा के टीले से जुड़कर हर वर्ष बाढ़ से प्रभावित होने वाले हजारों मकानों को राहत प्रदान करेगा।

उन्होंने बताया कि उनके प्रस्ताव पर सलोरी से हेतापट्टी को जोड़ने वाले लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत के पुल को स्वीकृति मिल चुकी है तथा इसकी पहली किस्त के रूप में 300 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने इसे प्रदेश के 75 जिलों में ब्रिज कॉरपोरेशन की सबसे बड़ी परियोजना बताते हुए कहा कि इसके निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

विधायक ने कहा कि इस पुल के बनने से हेतापट्टी क्षेत्र में नए शहरी विस्तार की संभावना बनेगी, जैसा कि लखनऊ में गोमतीनगर और दिल्ली में नोएडा का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि शहर में नदी किनारे लैंड रिक्लेमेशन का कार्य लंबे समय से नहीं हुआ है। छोटा बघाड़ा में प्रस्तावित बांध से जमीन का पुनर्विकास संभव होगा और बाढ़ की समस्या में स्थायी समाधान मिलेगा।

श्री बाजपेयी ने बताया कि शहर उत्तरी क्षेत्र में एक रिंग रोड का भी प्रस्ताव है, जो काली सड़क से द्रौपदी घाट, थॉर्नहिल रोड, बालसन चौराहा होते हुए जीटी जवाहर रोड को जोड़ते हुए पुनः काली सड़क तक पहुंचेगी। इस परियोजना पर कार्य जारी है। इसके अलावा अल्लापुर की मटियारा रोड, शिवकुटी की सीता नर्सरी रोड तथा दारागंज क्षेत्र की सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है, जिन्हें अगले अर्धकुंभ से पूर्व पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी का होता है और वह लगातार जनता के बीच रहकर विकास कार्यों में जुटे रहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित