अलवर , फरवरी 02 -- राजस्थान में अलवर जिला परिषद के मुख्य द्वार पर कठूमर की प्रधान संगम चौधरी ने अपने करीब 500 कार्यकर्ताओं के साथ बहाली की मांग को लेकर धरना दिया।

इस मौके पर प्रधान संगम चौधरी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रमेश खींची अपने कुछ सरपंच मित्रों के कहने पर उन्हें प्रधान पद का कार्यभार संभालने नहीं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि निलंबन के बाद न्यायालय से उनकी बहाली के आदेश आ चुके हैं, इसके बावजूद जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) लगातार टालमटोल करते रहे और पद ग्रहण नहीं कराया गया।

श्री चौधरी ने बताया कि इसके बाद उन्होंने न्यायालय के माध्यम से सीईओ को नोटिस भिजवाए, तब जाकर आदेश तो जारी किए गए, लेकिन कठूमर में जिस बीडीओ के पास प्रभार था, वह बीमारी का बहाना बनाकर वहां से चला गया। इसके बाद अतिरिक्त बीडीओ योगेश भी बीमारी का हवाला देकर चले गये। प्रधान ने कहा कि कि दोनों अधिकारियों की मेडिकल रिपोर्ट की जांच कराई जानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित