भिंड , मार्च 25 -- मध्यप्रदेश के भिंड शहर के मुख्य डाकघर स्थित पासपोर्ट शाखा में आज सुबह ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियातन डाकघर को खाली कराकर आसपास का बाजार बंद करवा दिया और यातायात रोक दिया। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कोतवाली और देहात थाना पुलिस के साथ बम स्क्वॉड व डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर में सघन सर्चिंग अभियान चलाया लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

जानकारी के अनुसार आज सुबह डाकघर खुलने के बाद पासपोर्ट प्रभारी कार्यालय पहुंचे और नियमित रूप से मेल चेक किया। इसी दौरान एक संदिग्ध ई-मेल सामने आया जिसमें डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मेल में दावा किया गया था कि परिसर में विस्फोटक लगाए गए हैं। इस सूचना से तत्काल अफरा-तफरी मच गई। पासपोर्ट प्रभारी ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जिसके बाद पूरे डाकघर को खाली करवा लिया गया।

मामले की सूचना कोतवाली थाना पुलिस और पुलिस अधीक्षक कार्यालय को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड टीम को बुलाया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया और मुख्य मार्गों पर यातायात रोक दिया। अचानक भारी पुलिस बल की मौजूदगी से बाजार में दहशत फैल गई और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।

बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड द्वारा पूरे परिसर में चलाए गए सघन सर्चिंग अभियान में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि धमकी भरे ई-मेल की सूचना पर पूरे क्षेत्र की गहन तलाशी ली गई है। फिलहाल कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। ई-मेल की जांच कराई जा रही है और इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है। मामले की पड़ताल जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित