कानपुर , जनवरी 15 -- उत्तर प्रदेश में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने की दिशा में कानपुर नगर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत कानपुर शहर की छतों पर लगाए गए सोलर रूफटॉप सिस्टम से अब तक करीब 64 मेगावाट क्षमता की सौर बिजली का उत्पादन हो रहा है।
नेडा के आंकड़ों के अनुसार जिले में 20,756 से अधिक सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं, जिसके चलते कानपुर नगर सोलर रूफटॉप स्थापना में प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। ऊर्जा विशेषज्ञों के मुताबिक 64 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन से हर साल लगभग 9.6 करोड़ यूनिट स्वच्छ बिजली तैयार हो रही है। मौजूदा बाजार दरों के अनुसार इस बिजली का सालाना आर्थिक मूल्य 34 से 38 करोड़ रुपये आंका गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि इतनी मात्रा में बिजली पारंपरिक स्रोतों से खरीदी जाती, तो सरकार और उपभोक्ताओं को हर वर्ष इतनी बड़ी राशि खर्च करनी पड़ती। इसके साथ ही सोलर रूफटॉप लगाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में लगातार कमी भी दर्ज की जा रही है।
फरवरी 2024 से शुरू हुई प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के बाद जिले में सोलर रूफटॉप स्थापना की गति लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में कानपुर में प्रतिदिन औसतन 80 से 90 नए सोलर सिस्टम लगाए जा रहे हैं। व्यक्तिगत आवासों के साथ-साथ बहुमंजिला इमारतों और हाउसिंग सोसाइटियों के कॉमन एरिया में भी सोलर सिस्टम स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे विकेंद्रीकृत बिजली उत्पादन को मजबूती मिल रही है।
पर्यावरण के लिहाज से भी यह पहल बेहद फायदेमंद है। जानकारों के अनुसार 64 मेगावाट सौर उत्पादन से सालाना 80 हजार टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आ रही है, जो करीब 35 लाख पेड़ों के बराबर पर्यावरणीय लाभ माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित