नयी दिल्ली , मार्च 24 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिए गए बयान को "भ्रम पैदा करने वाला" करार देते हुए सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
श्री खरगे ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि प्रधानमंत्री की असंगत कूटनीतिक नीति से भारत की रणनीतिक स्वायत्तता प्रभावित हुई है, जो दशकों से विदेश नीति की आधारशिला रही है। उन्होंने पूछा कि हालिया इजरायल दौरे के बाद उत्पन्न कूटनीतिक प्रभावों पर संसद और देश को विश्वास में क्यों नहीं लिया गया।
उन्होंने दूसरा मुद्दा उठाते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में करीब 37-40 भारतीय जहाज अब भी फंसे हुए हैं और इन पर लगभग 1100 नाविक सवार हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ईरान से बातचीत के बावजूद सुरक्षित रास्ता क्यों नहीं मिल पाया, जबकि चीन, रूस और जापान जैसे देशों को अनुमति मिल रही है। उन्होंने ऊर्जा आयात के विविधीकरण के सरकारी दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि 41 देशों से आयात हो रहा है, तो फिर देश में गैस और ईंधन की कमी, महंगाई और कालाबाजारी क्यों बढ़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित