चेन्नई , फरवरी 06 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी एक मार्च को तमिलनाडु के मदुरै में एक चुनावी रैली को संबोधित कर सकते हैं। उनके भगवान मुरुगा के प्रसिद्ध तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी मंदिर में दर्शन करने की भी संभावना है। यह मंदिर हाल ही में दीपम जलाने से जुड़े विवाद के कारण चर्चा में रहा है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष और विधानमंडल दल के नेता नैनार नागेंद्रन ने शुक्रवार को तिरुनेलवेली में पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का दौरा पहले 28 फरवरी को प्रस्तावित था लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रबल संभावनाएं हैं कि प्रधानमंत्री तिरुपरनकुंद्रम मंदिर जाएंगे। स्थानीय लोगों का मानना है कि उनके इस दौरे के बाद पहाड़ी की चोटी पर दीपम जलाने का लंबे समय से लंबित मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में आ सकता है।

अगर प्रधानमंत्री यहां आते हैं तो 23 जनवरी को मदुरंतकम में हुई रैली के बाद यह उनकी दूसरी बड़ी चुनावी जनसभा होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित