नयी दिल्ली , मार्च 12 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 मार्च को असम के दौरे पर असम के कोकराझार, गुवाहाटी और सिलचर में 47,800 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री मोदी 13 मार्च को दोपहर कोकराझार में 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद श्री मोदी शाम गुवाहाटी में लगभग 19,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री 14 मार्च की सुबह सिलचर में करीब 23,550 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
श्री मोदी कोकराझार में असम माला 3.0 परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। इस योजना के तहत करीब 3,200 करोड़ रुपये से राज्य में 900 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही बोडोलैंड क्षेत्र में लगभग 1,100 करोड़ रुपये की छह सड़क परियोजनाओं (चार फ्लाईओवर और दो पुल) की भी आधारशिला भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिनमें कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस शामिल हैं। श्री मोदी गुवाहाटी में चाय बागान श्रमिकों को भूमि पट्टे वितरित करेंगे, जिससे उन्हें घर बनाने के लिए भूमि अधिकार मिलेंगे।
श्री मोदी देशभर के 9.3 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त भी जारी करेंगे। इस योजना के तहत पात्र किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में 2,000 रुपये मिलते हैं। वह ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कोपिली जलविद्युत परियोजना, नुमालीगढ़-सिलीगुड़ी पाइपलाइन क्षमता विस्तार और उत्तर-पूर्व गैस ग्रिड के पहले चरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इसके साथ ही श्री मोदी कामाख्या रेलवे स्टेशन को कामाख्या मंदिर से जोड़ने वाली रोपवे परियोजना की आधारशिला रखेंगे और पीएम एकता मॉल का उद्घाटन भी करेंगे, जिससे स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित