नयी दिल्ली , फरवरी 08 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मलेशिया में भारतीय प्रवासियों के प्रमुख सदस्यों और नेताओं के साथ संवाद किया। प्रधानमंत्री से मिलने वाले गणमान्य व्यक्तियों में मंत्री, सीनेटर, सांसद और आजाद हिंद फौज (इंडियन नेशनल आर्मी-आईएनए) के पूर्व सदस्य भी शामिल थे।

इस अवसर पर मौजूद प्रमुख व्यक्तियों में डिजीटल विभाग के मंत्री तुआन गोबिंद सिंह देव, मानव संसाधन मंत्री दातो रमणन रामकृष्णन, प्रधानमंत्री कार्यालय में उप मंत्री एम. कुलसेगरन, राष्ट्रीय एकीकरण विभाग के उप मंत्री आर. युनेस्वरन एवं अन्य शामिल थे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया की प्रगति और विकास में तथा भारत-मलेशिया संबंधों को सुदृढ़ करने में भारतीय प्रवासियों के महत्वपूर्ण योगदान का उल्लेख किया। भारतीय मूल के नेताओं ने दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के निर्माण में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और भारत-मलेशिया संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में की गई पहलों की सराहना की। उन्होंने भारत के परिवर्तनकारी बदलाव के लिए प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण और विभिन्न योजनाओं की भी प्रशंसा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित