भोपाल , मार्च 05 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्य पूर्व एशिया में युद्ध की स्थिति को देखते हुए मध्यप्रदेश के नागरिकों की सहायता के लिए महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके लिए विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।

उन्होंने बताया कि गृह विभाग मध्यप्रदेश शासन तथा नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में आवासीय आयुक्त कार्यालय की टीम तैनात है। मुख्यमंत्री सहायता दूरभाष क्रमांक 181 पर परिजनों से प्राप्त हो रही सूचनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। सभी का पंजीयन और अभिलेख तैयार किया जा रहा है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय से समन्वय स्थापित कर नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाने की व्यवस्था की गई है। इस अवधि में नागरिकों के लिए भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी चिंता की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई दिल्ली में स्थापित नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 011-26772005, व्हाट्सऐप क्रमांक 9818963273 तथा ईमेल आईडी mphelpdeskgulf@gmail.com है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में भारत सरकार ने पूर्व में भी ऐसी विपरीत परिस्थितियों में समाधान की राह निकाली है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह संपूर्ण स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय सहित संबंधित मंत्रालय सक्रिय हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पूर्णतः सजग और संवेदनशील है तथा अब तक लगभग 50 परिवारों द्वारा पंजीयन कराया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मुख्यमंत्री सहायता क्रमांक और नई दिल्ली स्थित नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें, व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखें तथा अपनी कठिनाइयों की जानकारी दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित