नोएडा , मार्च 28 -- केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजारापु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक ही संकल्प 'भारत की विजय' से देश के हर नागरिक को सीख लेनी चाहिए। श्री मोदी का हर कार्य भारत से जुड़ा होता है, उनकी ताकत, उनकी शक्ति और उनका परिवार भी भारत ही है।

नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन के मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब "उत्तम प्रदेश" बन चुका है, जहां अपराध में कमी आई है, व्यापार को बढ़ावा मिला है और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। प्रदेश अब "उड्डयन प्रदेश" के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। राम मंदिर अयोध्या की स्थापना से लेकर कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में सुधार तक, यूपी पूरे देश के लिए प्रेरणा बन रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव को देखते हुए एक नए एयरपोर्ट की आवश्यकता थी, और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट इस दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट निवेश और विकास का नया केंद्र बनेगा। साथ ही, "उड़ान योजना" के माध्यम से हवाई यात्रा अब आम लोगों के लिए भी सुलभ हो चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित