चंडीगढ़ , फरवरी 06 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शुक्रवार को कहा है कि कांग्रेस के कुछ सांसदों के पिछले आचरण को देखते हुए उनके द्वारा किसी भी अनुचित व्यवहार की आशंकाओं को असंभव कहकर खारिज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पद की मर्यादा उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी प्रधानमंत्री की सुरक्षा।
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पद की मर्यादा को खतरे की आशंका को सही बताते हुए श्री जाखड़ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में कहा कि पंजाब कांग्रेस के नेता अपनी संकीर्ण राजनीति के लिए किसी भी हद तक गिर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की बेंचों पर वही नेता बैठे हैं जिन्होंने फिरोजपुर दौरे के समय प्रधानमंत्री की सुरक्षा को जोखिम में डाला था और ये लोग कांग्रेस हाईकमान की कृपा पाने के लिए आज भी किसी भी हद तक गिर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित