पटना, मार्च 13 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने शुक्रवार को बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत 22वीं किस्त में बिहार के 73 लाख से अधिक किसानों के बैंक खाते में 1467 करोड़ रूपये से अधिक की राशि हस्तांरित की गयी है।

कृषि मंत्री श्री यादव ने आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी किये जाने के अवसर पर कृषि भवन, पटना के सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिसंबर 2025 से मार्च 2026 की अवधि के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त की राशि असम के गुवाहाटी में ज्योति-विष्णु अंतर्राष्ट्रीय कला केन्द्र, खानापारा से देश के 9.32 करोड़ से अधिक किसानों को लगभग 18,650 करोड़ रूपये की राशि हस्तांतरित की गई।

श्री यादव ने बताया कि 22वीं किस्त के माध्यम से बिहार के 73.34 लाख से अधिक किसानों को 1467 करोड़ से अधिक की राशि प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि इस योजना अंतर्गत अबतक बिहार के कुल 86.36 लाख से अधिक लाभुकों को कुल 30,092.80 करोड़ रूपये राशि 21 किस्तों में भारत सरकार द्वारा दी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित