पटना , अप्रैल 02 -- प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बेघर एवं कच्चे आवासों में रहने वाले परिवारों को आवास निर्माण के लिये वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में 12,08,838 लाभुकों को आवास की स्वीकृति दी गयी है।

इनमें से 11,36,614 लाभुकों को प्रथम किस्त, 7,49,762 लाभुकों को द्वितीय किस्त एवं 3,56,223 लाभुकों को तृतीय किस्त का भुगतान किया गया है। 3,23,878 लाभुकों द्वारा आवास निर्माण पूर्ण कर लिया गया है ।

योजनान्तर्गत ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 30 मार्च, 2026 को 950 करोड़ रुपये जारी किये गये हैं। उक्त राशि के अनुपातिक राज्यांश के रूप में राज्य सरकार द्वारा 631.03 करोड़ रूपये जारी किये गये हैं। इस प्रकार राज्य नोडल खाता में कुल 1581.03 करोड़ रूपये प्राप्त है। उक्त राशि से निर्धारित स्तर तक आवास निर्माण पूर्ण करने वाले लाभुकों को लंबित द्वितीय एवं तृतीय किस्त का भुगतान शुरू हो गया है।

योजना अंतर्गत लाभुकों के लंबित किश्तों के भुगतान के लिये सभी जिलों को निर्देश दिया गया है । योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंत में प्राप्त राशि से राज्य नोडल खाता में पर्याप्त राशि उपलब्ध हो गयी है, इससे योजना के लाभुकों को ससमय सहायता राशि का भुगतान होगा। इससे लाभुक शीघ्र अपने आवासों को पूर्ण करा लेंगे। इससे योजना के लाभुकों में खुशहाली आयेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित