भोपाल , फरवरी 4 -- मध्यप्रदेश में शिक्षण सत्र 2025-26 के अंतर्गत कक्षा 5वीं एवं 8वीं की परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं 20 फरवरी से प्रारंभ होकर 28 फरवरी तक चलेंगी। इसके लिए प्रदेश भर में 12 हजार 920 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 25 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। राज्य शिक्षा केंद्र ने इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। इन परीक्षाओं में शासकीय विद्यालयों के साथ-साथ अशासकीय विद्यालयों एवं मदरसों के विद्यार्थी भी सम्मिलित होंगे। इस वर्ष 1 लाख 10 हजार 615 शासकीय, निजी शालाओं एवं मदरसों के लगभग 24 लाख 90 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इनमें से 522 निजी विद्यालयों के 20 हजार 736 विद्यार्थियों के लिए एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के अनुसार भाषा विषय के पृथक प्रश्न पत्र तैयार किए गए हैं, जबकि अन्य विषयों के प्रश्न पत्र राज्य द्वारा निर्धारित पाठ्यपुस्तकों के आधार पर होंगे।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा एक विशेष आईटी पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों का सत्यापन, परीक्षा केंद्रों का निर्धारण, केंद्राध्यक्षों की मैपिंग, परीक्षा सामग्री वितरण, रोल नंबर एवं प्रवेश पत्र जारी करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही उपस्थिति दर्ज करने, मूल्यांकन कार्य तथा अंकसूची जारी करने की व्यवस्था भी इसी पोर्टल से की जाएगी।
संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर दिया जाएगा। यदि कोई विद्यार्थी किसी कारणवश परीक्षा तिथि तक पंजीकृत नहीं हो पाया है, तो उसे भी परीक्षा में शामिल करने के निर्देश केंद्राध्यक्षों को दिए गए हैं। ऐसे विद्यार्थियों की तकनीकी जानकारी परीक्षा के बाद दर्ज की जाएगी। परीक्षा में 86 हजार 109 शासकीय शालाओं, 23 हजार 980 अशासकीय शालाओं एवं 525 मदरसों के विद्यार्थी भाग लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित