भोपाल , मई 11 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश की धरती ने चीतों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराकर उन्हें पुनर्स्थापित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया है और अब वे प्रदेश के परिवार का हिस्सा बन गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क में दो मादा चीतों को खुले जंगल में विमुक्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लगभग साढ़े तीन वर्ष पहले शुरू किया गया चीता पुनर्स्थापना प्रोजेक्ट अब सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश धर्म, निवेश और जैव विविधता के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। नाइजीरिया, दक्षिण अफ्रीका और बोत्सवाना से लाए गए चीतों के पुनर्स्थापन को लगातार सफलता मिल रही है और प्रदेश ने देशभर में 'चीता स्टेट' के रूप में पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में चीतों की संख्या 57 हो गई है, जिनमें 54 चीते कूनो नेशनल पार्क में तथा तीन गांधी सागर अभयारण्य में हैं। कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, मध्यप्रदेश वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित