भोपाल , अप्रैल 12 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में गहराते कृषि संकट को लेकर चिंता जताते हुए कहा है कि सरकार की नीतिगत विफलताओं के कारण 6 लाख से अधिक किसान डिफॉल्टर बनने के खतरे में हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर फसल ऋण चुकाने की समय-सीमा बढ़ाने और दंडात्मक ब्याज माफ करने की मांग की है। पटवारी ने आरोप लगाया कि समर्थन मूल्य पर फसल खरीद में करीब 20 दिन की देरी के कारण किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिल पाया, जिससे वे ऋण चुकाने में असमर्थ हो रहे हैं।
पत्र में उन्होंने कहा कि प्रदेश के 55 जिलों के लगभग 6.20 लाख किसानों पर करीब 450 करोड़ रुपये का बकाया है, जिनमें अधिकांश छोटे और सीमांत किसान शामिल हैं। समय पर राहत नहीं मिलने की स्थिति में ये किसान भविष्य में ऋण सुविधाओं से वंचित हो सकते हैं।
पटवारी ने सरकार से ऋण पुनर्भुगतान की समय-सीमा बढ़ाने, विलंब पर लगने वाले ब्याज और दंडात्मक शुल्क को माफ करने, समर्थन मूल्य पर भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और छोटे किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह स्थिति बड़े किसान आंदोलन का रूप ले सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित