लखनऊ , फरवरी 12 -- राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत उत्तर प्रदेश में 6.69 करोड़ बच्चों को पेट के कीड़ों से बचाव की दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जा चुकी है। अब 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के छूटे हुए लगभग तीन करोड़ बच्चों को शुक्रवार को मापअप राउंड के तहत दवा दी जाएगी। विशेषज्ञों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के महाप्रबंधक डॉ. सतीश कुमार गौतम ने बताया कि प्रदेश में कुल 9.8 करोड़ बच्चों को कृमि मुक्ति दवा खिलाने का लक्ष्य है। अमेठी जिले ने 99 प्रतिशत कवरेज के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि अंबेडकरनगर (94 प्रतिशत), पीलीभीत (92 प्रतिशत), शाहजहांपुर और संभल (91 प्रतिशत) तथा कुशीनगर (91 प्रतिशत) भी शीर्ष जिलों में शामिल रहे।
गुरुवार को एसजीपीजीआई की वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पियाली भट्टाचार्य के अनुसार पेट में कीड़े होने पर बच्चे कुपोषण और खून की कमी का शिकार हो सकते हैं। एल्बेंडाजोल दवा कीड़ों को मारकर शरीर से बाहर निकालने में मदद करती है। दवा सेवन के बाद सिरदर्द, चक्कर, उल्टी या पेट दर्द जैसे हल्के लक्षण आ सकते हैं, जो कुछ घंटों में स्वतः ठीक हो जाते हैं। इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित