नयी दिल्ली , दिसंबर 18 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली सरकार लगातार राजधानी में स्वच्छ, सतत और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़ करके प्रदूषण को कम करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
श्रीमती गुप्ता ने आज यहाँ कश्मीरी गेट स्थित अंतर्राज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी से 100 नयी इलेक्ट्रिक बसों को डीटीसी बेड़े में शामिल किया। अब ई बसों की संख्या 3,500 से अधिक हो गई हैं। उन्होंने कश्मीरी गेट बस अड्डे से ही धौला कुआं से धारूहेड़ा (हरियाणा) तक नई अंतर्राज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री का कहना है कि दिल्ली सरकार ने प्रदूषण को नियंत्रित करने और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण व प्रभावी कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। राजधानी में वाहनों के पीयूसी जांच के लिए नंद नगरी, तेंहखंड और बुराड़ी में ऑटोमेटेड परीक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां हजारों वाहन अपना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए पिंक कार्ड सुविधा जल्द ही शुरू की जा रही है, जिससे उन्हें बार-बार टिकट लेने की आवश्यकता नहीं होगी और वे किसी भी बस में आसानी से यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण और पूरे नेटवर्क को और सदृढ़ करने के लिए सरकार द्वारा वित्तीय समर्थन प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी और उसके आसपास स्वच्छ, विश्वसनीय और किफायती सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि धौला कुआं-धारूहेड़ा पूरी तरह इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस नयी सेवा से कार्यालय जाने वाले, छात्र और औद्योगिक कर्मचारी दिल्ली से आसानी से जुड़ पाएंगे। उन्होंने कहा कि निजी वाहनों पर निर्भरता घटाकर यह सेवा ट्रैफिक जाम और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद करेगी, साथ ही डीटीसी की अंतर्राज्यीय सेवाओं और राजस्व को भी मजबूत करेगी। डॉ. सिंह ने बताया कि डीटीसी अब वित्तीय स्थिरता, जवाबदेही और संचालन में दक्षता के मार्ग पर है और आने वाले वर्षों में स्वच्छ, सुरक्षित और वित्तीय रूप से आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के निर्माण में यह प्रयास तेज़ होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित