भोपाल , जनवरी 14 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि संकल्प से समाधान अभियान जनसामान्य को कल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं का सुगमता से लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया है। अभियान के अंतर्गत सभी गतिविधियां समय-सीमा में और पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाएं। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह निर्देश मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में बुधवार को संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा के लिए आयोजित संभागायुक्तों की बैठक में दिए। बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई सहित सभी संभागायुक्त उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के अंतर्गत योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं की समुचित जानकारी मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि संभागीय अधिकारी जिला, विकासखंड और ग्राम स्तर तक भ्रमण कर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने से जुड़ी गतिविधियों पर भी विशेष फोकस किया जाए। उन्होंने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी हितग्राही वंचित न रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित