भोपाल , जनवरी 21 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक युवक ने पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार तड़के की बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान धीरेन्द्र सिंह जाट (28) पुत्र माधव सिंह जाट के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्वालियर का निवासी था और वर्तमान में ऐशबाग स्थित शालीमार स्लेयिंग अपार्टमेंट में पत्नी के साथ रह रहा था। बुधवार सुबह उसकी पत्नी ने ड्राइंग रूम में फंदे पर शव लटका देखा, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।

धीरेन्द्र ने भोपाल के एक निजी कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी और पिछले करीब सात वर्षों से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसकी शादी तीन वर्ष पूर्व ग्वालियर की युवती से हुई थी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने बताया कि मंगलवार शाम को हुई अंतिम बातचीत में धीरेन्द्र सामान्य रूप से बात कर रहा था और उसने किसी प्रकार की परेशानी का जिक्र नहीं किया था। चाचा भगत सिंह ने पारिवारिक कलह की संभावना से भी इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित