लखनऊ , मई 4 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आंधी-बारिश और खराब मौसम के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सोमवार सुबह लखनऊ समेत कई जनपदों में मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ काम करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहानि, पशुहानि, घायलों और आपदा से प्रभावित लोगों को हर हाल में 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में किसानों और प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है।
योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फील्ड में रहकर स्थिति का लगातार जायजा लें और राहत-बचाव कार्यों को तेज गति से संचालित करें। आंधी-बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं की सूचना है, ऐसे में घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराकर उनका समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित