प्रतापगढ़ , दिसंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में 159 ग्राम पंचायतो के पंचायत भवनो में डाकघर संचालित होंगे।
जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे ने मंगलवार को बताया कि प्रतापगढ़ मण्डल के डाकघर अधीक्षक ने मुख्य विकास अधिकारी को सम्बोधित पत्र में लिखा है कि प्रतापगढ़ में फेज-1 में सभी 17 विकास खण्डों के अन्तर्गत 159 शाखा डाकघरों को ग्राम पंचायत के पंचायत भवनों में डाकघर स्थापित करने की अपेक्षा की गयी ताकि लोगों को उत्तम एवं सुगम सेवायें प्राप्त हो सके।
पंचायत भवन में ही आने वाले समय में डिजिटल लाइब्रेरी, जन सेवा केन्द्र एवं डाकघर संचालित होंगे। सभी सचिव को कम से कम चार कमरे का पंचायत भवन बनाये जाने का निर्देश दिया गया है। पंचायत भवनो में डाकघर संचालित हो जाने से एक ही छत के नीचे ग्रामीणों को सभी प्रकार की सेवाएं मिल सकेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित