प्रतापगढ़ , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में बुधवार भोर ए.टी.एल. ग्राउंड के पास पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अंतरजनपदीय गैंगस्टर अतुल गौड़ उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिव नारायण वैश्य ने बताया कि अभियुक्त अतुल गौड़ निवासी भूपियामऊ, थाना कोतवाली देहात, प्रतापगढ़ पर सुल्तानपुर, जौनपुर और प्रतापगढ़ जिलों में गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट, हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी और आयुध अधिनियम सहित कुल 38 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर स्थानीय थाने में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 14 फरवरी को 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित