प्रतापगढ़ , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले की थाना देल्हूपुर पुलिस ने स्वाट/सर्विलांस सेल और स्पेशल टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक सोना व्यवसायी द्वारा षड्यंत्रपूर्वक स्वयं कराई गई फर्जी लूट की घटना का सफल अनावरण किया है।
पुलिस ने मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर नौ लाख 60 हजार रुपये नकद, तीन किलोग्राम चांदी, एक अवैध शस्त्र तथा घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सोना व्यवसायी रितेश मौर्य ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित ढंग से लूट की झूठी कहानी रची थी। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने नकदी और चांदी को छिपाकर फर्जी लूट की घटना के माध्यम से भ्रामक स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया।
उल्लेखनीय है कि छह फरवरी को वादी रितेश मौर्य निवासी रामगंज बाजार, थाना रामगंज, जनपद अमेठी ने तहरीर देकर बताया था कि वह प्रयागराज से जेवरात खरीदकर अपने मित्र के साथ टाटा पंच कार से अमेठी जा रहे थे। थाना देल्हूपुर क्षेत्र के गजेहड़ा जंगल के पास स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने वाहन रोककर बैग छीन लिया, जिसमें तीन किलो चांदी और 9.60 लाख रुपये नकद थे। तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित