प्रतापगढ़ , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर देलहूपुर थाना क्षेत्र के गजेहड़ा जंगल के पास शुक्रवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने कार सवार सराफ से तीन किलो चांदी और नौ लाख रुपये लूट लिये और फरार हो गये।

पुलिस के अनुसार अमेठी जनपद के रामगंज बाजार निवासी रितेश मौर्य सर्राफा व्यवसाय से जुड़े हैं। वह शुक्रवार को अपने साथी विकास सोनी के साथ कार से प्रयागराज आभूषण खरीदने गये थे। खरीदारी के बाद देर शाम दोनों घर लौट रहे थे। देलहूपुर थाना क्षेत्र के गजेहड़ा जंगल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी कार रोक ली। कार का शीशा खुलते ही बदमाशों ने उन्हें धमकाया और तीन किलो चांदी तथा नौ लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गये। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेन्द्र लाल ने शनिवार को बताया कि आभूषण कारोबारी से पूछताछ की जा रही है और बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित