प्रतापगढ़ , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया, मतदाताओं को शपथ दिलाई गई और निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य कार्यक्रम तुलसी सदन (हादी हॉल) में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं, आमजन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई।

जिलाधिकारी ने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी, इसी उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ, बीआरसी एवं अन्य निर्वाचन कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जीआईसी कॉलेज से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। उप जिलाधिकारी सदर नैन्सी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली विभिन्न चौराहों से होते हुए तुलसी सदन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से आम लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित