प्रतापगढ़ , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के थाना मान्धाता क्षेत्र में पूर्व ग्राम प्रधान मुस्तफा गुलशन उर्फ मुन्ना की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी प्रेमिका सुमन देवी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेंद्र लाल ने बताया कि 18 मार्च को मुस्तफा गुलशन घर से मोटरसाइकिल लेकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई। तलाश के दौरान उनकी मोटरसाइकिल मऊ आईंमा थाना क्षेत्र में खड़ी मिली, जबकि बाद में उनका शव बोरे में भरकर मान्धाता थाना क्षेत्र के सुमेरपुर स्थित शारदा नहर में फेंका हुआ बरामद हुआ।
जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतक का सुमन देवी से प्रेम संबंध था और वह उससे मिलने का दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर सुमन देवी ने अपने भाई अतुल गौतम और उसके मित्र अरुण गौतम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। तीनों ने मिलकर मुस्तफा गुलशन की हत्या कर शव को बोरे में भरकर नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमन देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित