प्रतापगढ़ , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना कोहंडौर पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कत्ल में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और दो डंडे बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि ग्राम गौरा अतरसंड निवासी रामलाल को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध अपनी ही पुत्री की हत्या का आरोप है। वादी निवासी ग्राम ताला थाना कंधई ने तहरीर देकर बताया कि 21 अप्रैल को उसका ससुर रामलाल शराब के नशे में उसकी पत्नी सोनम को अपने साथ अपने गांव ले गया था। अगले दिन 22 अप्रैल को सूचना मिली कि सोनम की मृत्यु हो गई है। मौके पर पहुंचने पर मृतका के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका व्यक्त की गई। इस पर पुलिस ने नामजद एवं अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी रामलाल ने बताया कि वह नशे की हालत में अपनी पुत्री को ससुराल से अपने घर ले आया था। घर पहुंचने पर खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने डंडे से कई बार प्रहार किया। जब पुत्री भागने लगी तो उसने कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी और बाद में उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडे और कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित