प्रतापगढ़ , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कथित अवैध धर्म संपरिवर्तन मामले में थाना जेठवारा पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 25-25 हजार रुपये के तीन इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि थाना जेठवारा, स्वाट व सर्विलांस टीम ने गुरुवार को थाना क्षेत्र के तांत्रिक चौराहे के पास से 25-25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त निजामुद्दीन, सफीउज्जमा और नईमुद्दीन निवासी ग्राम कुटिलिया, थाना जेठवारा को गिरफ्तार किया। बताया गया कि 22 फरवरी 2026 को थाना जेठवारा पर धर्म परिवर्तन की सूचना प्राप्त होने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। आरोप है कि अभियुक्तों द्वारा प्रलोभन एवं धोखे से एक हिंदू युवक का धर्म परिवर्तन कर उसका नाम परिवर्तित कर दिया गया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना जेठवारा में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत चार नामजद तथा पांच-छह अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है तथा अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित