प्रतापगढ़ , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस अभिरक्षा से फरार यौन शोषण के आरोपी की तलाश में पुलिस ने दो टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश तेज कर दी है। वहीं, लापरवाही बरतने के आरोप में सुरक्षा में तैनात दो सिपाहियों को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मानिकपुर थाना क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व डेढ़ वर्षीय मासूम बालिका के साथ उसके पिता के एक दोस्त द्वारा यौन शोषण का मामला सामने आया था। इस संबंध में पुलिस ने थाना कुंडा क्षेत्र के रहवई निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

मंगलवार को आरोपी को डीएनए जांच के लिए प्रयागराज ले जाया गया था। इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से वह मंगलवार शाम करीब छह बजे पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित