प्रतापगढ़ , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रानीगंज थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार शाम बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र सरोज और रेखा, निवासी ग्राम सिंगाही थाना रानीगंज, के रूप में हुई है। दोनों को थाना क्षेत्र के नहसिंहगढ़ पुल के पास से पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि वादी, निवासी ग्राम बाबूपट्टी थाना रानीगंज, ने तहरीर में आरोप लगाया था कि उसकी बहन का विवाह वर्ष 2020 में महेंद्र सरोज के साथ हुआ था। विवाह के बाद पति और ससुराल पक्ष के लोग दो लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे।

सूत्रों के अनुसार 17 अप्रैल को सूचना मिलने पर वादी मौके पर पहुंचा तो उसकी बहन घर के अंदर बेड पर मृत अवस्था में मिली। वादी ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या उसके पति महेंद्र सरोज, सास रेखा तथा अन्य परिजनों ने मिलकर की है।

पुलिस ने इस संबंध में आठ नामजद आरोपियों के विरुद्ध दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित