प्रतापगढ़ , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में फतनपुर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिलें तथा घटना में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीन सदस्यीय यह गिरोह भीड़भाड़ वाले स्थानों की पहले रेकी करता था और सुनियोजित ढंग से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें झाड़ियों में छिपा देता था। बाद में वाहनों को सस्ते दामों में बेच दिया जाता था। चोरी से प्राप्त धनराशि का उपयोग आरोपी ऐशो-आराम और शौक पूरे करने में करते थे।

बताया गया कि थाना फतनपुर क्षेत्र स्थित रायबट्टी पाल सिंह इंटर कॉलेज, बीरापुर से 23 फरवरी को मोटरसाइकिल चोरी की घटना हुई थी, जिसके संबंध में स्थानीय थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में नमन सरोज उर्फ प्रियांशु राज, कृष्ण कुमार सरोज उर्फ गामा और बबलू सरोज शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित