जयपुर , दिसम्बर 30 -- राजस्थान में प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत करीब सवा करोड़ रुपए कीमत की एक किलो 203 ग्राम अवैध एमडी ड्रग जब्त कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
प्रतापगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि जिले में थाना धोलापानी और जिला विशेष टीम ने संयुक्त नाकाबंदी के दौरान यह अवैध एमडी ड्रग जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को क्षेत्र में बरोल घाटे के पास नाकाबंदी के दौरान एमपी नम्बर की एक मोटरसाइकिल को रोककर दो युवक शाहरूख खान और दिलावर खान से पूछताछ करने पर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उसी दौरान पीछे से एक और मोटरसाइकिल आई। पुलिस ने उसे भी रोका तो पीछे बैठा व्यक्ति सफीउल्लाह जंगल की ओर भाग निकला जबकि चालक रहीम खान को पुलिस ने दबोच लिया। रहीम खान की तलाशी लेने पर उसकी टी-शर्ट के नीचे छिपाई गई पॉलिथीन की थैली से एक किलो 203 ग्राम एमडी बरामद हुई।
पूछताछ में मुख्य तस्कर रहीम खान ने बताया कि पकड़े गए अन्य दो आरोपी दिलावर और शाहरूख आगे चलकर पुलिस की लोकेशन देख रहे थे ताकि ड्रग्स की खेप सुरक्षित पहुंच सके। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं। तीनों आरोपी हथुनिया के रहने वाले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित