प्रतापगढ़ , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को बड़ा कदम उठाया गया। जिले की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने 17 नवीन डायल-112 चारपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नए वाहनों के बेड़े में शामिल होने से जनपद में इवेंट रिस्पॉन्स और फुट पेट्रोलिंग की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे पुलिस सहायता जरूरतमंदों तक पहले से अधिक तेजी से पहुंच सकेगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य है कि पीड़ित या कॉलर को कम से कम समय में सहायता उपलब्ध कराई जाए। नए वाहनों के संचालन से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच अधिक तेज, सुलभ और प्रभावी होगी।

एसपी ने विश्वास व्यक्त किया कि इन वाहनों के जुड़ने से रिस्पांस टाइम में और कमी आएगी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित