प्रतापगढ़ , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश में भगवान राम के दर्शन के लिए अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर अब और सुगम होने जा रहा है। ग्रीन फील्ड कॉरिडोर योजना के तहत प्रतापगढ़ से अयोध्या के बीच लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से 93 किलोमीटर लंबे सिक्स लेन हाईवे के निर्माण प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि इस कॉरिडोर का निर्माण लोक निर्माण विभाग तथा एनएचएआई अयोध्या इकाई के माध्यम से कराया जाएगा। प्रस्तावित मार्ग का 22 किलोमीटर हिस्सा प्रतापगढ़ जिले से होकर गुजरेगा।

सूत्रों के अनुसार इस परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। किसानों से भूमि अर्जन के लिए राजस्व विभाग ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सिक्स लेन हाईवे के निर्माण के बाद महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिशा तथा दक्षिण भारत से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। सरकार का मानना है कि यह परियोजना धार्मिक पर्यटन, व्यापारिक गतिविधियों और क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को भी मजबूत करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित